रांची, 31अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज रामगढ़ विधायक ममता देवी के दुलमी प्रखंड, होहद गांव स्थित आवास पहुंचे।
वहां श्री सोरेन ने विधायक ममता देवी के ससुर स्मृति शेष-स्व० सरयु महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
श्री सोरेन ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने विधायक ममता देवी एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा उनका ढांढ़स बंधाया।
इस मौके पर विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो सहित अन्य विधायकगण एवं कई लोगों ने भी स्मृति शेष-स्व० सरयु महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ज्ञातव्य है कि विगत 20 अक्टूबर को रामगढ़ विधायक ममता देवी के ससुर सरयु महतो जी का निधन हो गया था। स्व० सरयु महतो अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र, एक पुत्री, दो पुत्रवधु सहित भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित