पटियाला , मार्च 25 -- पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार को कहा कि राज्य में 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के जरिए 10 लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है और यह प्रदेश के लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है।

डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि अब तक इस योजना के तहत 1.60 लाख लोग 191 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं।पंजाब के स्वास्थ्य मॉडल को अब देश के अन्य राज्यों में भी लागू किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता दी है और इसके परिणाम सबके सामने हैं। राज्य में 09 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। होशियारपुर, कपूरथला, संगरूर, शहीद भगत सिंह नगर, लहरागागा, मलेरकोटला और लुधियाना में आगामी कॉलेजों से 600 नयी एमबीबीएस सीटें जुड़ेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लिए 200 करोड़ रूपये के उपकरण खरीदे जा रहे हैं। इस वर्ष सभी जिला अस्पतालों में एमआरआई और आठ अस्पतालों में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि 883 आम आदमी क्लीनिकों ने अब तक 1.69 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज और 05 करोड़ से अधिक ओपीडी परामर्श प्रदान किए हैं। पांच जिलों में एआई-आधारित स्क्रीनिंग के माध्यम से स्तन कैंसर के आठ और सर्वाइकल कैंसर के 43 मामलों का पता लगाया गया। इसी तरह, 1.07 लाख लोगों की आंखों की जांच में 21,660 लोगों में दृष्टि दोष पाया गया।

उन्होंने कहा कि 'युद्ध नशों के विरुद्ध' अभियान के तहत सप्लाई चेन को तोड़ा गया है और नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए मजबूत ढांचा तैयार किया गया है। पटियाला, अमृतसर और फरीदकोट के मेडिकल कॉलेजों में जल्द ही आईवीएफ सेवाएं शुरू होंगी। इसके अलावा मोहाली और अन्य कॉलेजों में पीईटी स्कैन की सुविधा भी दी जाएगी। कॉक्लियर इम्प्लांट, लिवर और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सर्जरी भी अब सरकारी अस्पतालों में हो रही हैं।हृदयाघात के मरीजों के समय पर इलाज के लिए 23 जिलों में मिशन अमृत मिशन शुरू किया गया है, जिससे अब तक 800 मरीजों को आपातकालीन कार्डियक केयर मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित