रायपुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में ध्वजारोहण किया।

श्री साय ने यहां स्थापना दिवस के मौके पर छह से 12 अप्रैल तक आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में आज ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा के पितृ पुरूषों की प्रतिमाओं को नमन कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भाजपा की स्थापना 06 अप्रैल 1980 को हुई थी। भाजपा सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल है। यह किसी परिवार, जाति या वर्ग विशेष की पार्टी नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं को जोड़ने वाला संगठन-सूत्र है। भारत के सांस्कृतिक मूल्य, हमारी निष्ठाएँ और भारत को परम वैभव के शिखर पर स्थापित करने का संकल्प और साथ ही यह आत्मविश्वास कि अपने पुरुषार्थ से हम इस लक्ष्य को अर्जित करेंगे।

श्री साय ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है जो अपने कार्यकर्ताओं के लगातार कठोर परिश्रम एवं हमारे पितृ पुरूषों के त्याग से संभव हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताते हुए साय ने कहा कि उनके समर्पण और नेतृत्व के कारण ही पार्टी आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनी है और छत्तीसगढ़ लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारा देश निरंतर प्रगति और विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की डबल इंजन की सरकार नक्सलवाद के समापन के साथ ही विकास की गति और तीव्र करेगी। विकसित छत्तीसगढ़ की शुरुआत हो चुकी है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' ही भाजपा का मूल मंत्र है, जिसके लिए पार्टी निरंतर प्रतिबद्ध है।

श्री साय ने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस न केवल पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद करने का दिन है, बल्कि राष्ट्र सेवा के प्रति पुनः समर्पित होने का संकल्प दिवस भी है। आज के दिन भाजपा कार्यकर्ता देशभर में सेवा और समर्पण के कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन की सेवा में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित