कोंडागांव , नवम्बर 17 -- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सोमवार को कोंडागांव पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर आईटीबीपी हेलीपेड पहुंचते ही स्वागत के लिए पहले से मौजूद जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। उनके साथ वन मंत्री केदार कश्यप और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी कोंडागांव पहुंचे।

जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री साय का स्वागत करने वालों में कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक आशा राम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी और पूर्व विधायक सेवक राम नेताम शामिल थे। सभी ने मुख्यमंत्री के दौरे को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, दीपेश अरोरा, कुलवंत चहल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और गाड़ा समाज के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के स्वागत एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का सुचारू रूप से पालन सुनिश्चित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित