जशपुर, अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 17 अप्रैल को जशपुर प्रवास पर रहेंगे। वे रणजीता स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान नई स्वीकृत सड़कों का भूमिपूजन और विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को समयसीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, आवागमन, पंडाल, पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, माइक, मंच सजावट और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

गर्मी के मद्देनजर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, ओआरएस और जरूरी दवाइयों के साथ मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़कों पर आवारा पशुओं को नियंत्रित करने के लिए काऊ कैचर की व्यवस्था करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री द्वारा जशपुर में बुजुर्गों के लिए डे-केयर यूनिट के रूप में विकसित सियान गुड़ी का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए योग, मनोरंजन, पुस्तकालय और कौशल विकास जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित