जगदलपुर , मार्च 08 -- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ के बस्तर जनपद के मिनी स्टेडियम में आयोजित वृहद महतारी वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल करते हुए आज 'लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट' का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांच लाभार्थी महिलाओं को ये मिलेट कार्ट प्रदान किए, जिनमें पुनर्वासित महिलाएं भी शामिल थीं।

जिला पीआरओ से आज (रविवार) मिली जानकारी के अनुसार,कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाडे, वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी तथा विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे। यह आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 'लक्ष्मी सखी मिलेट कार्ट' योजना के तहत हितग्राहियों को 'सक्षम योजना' के माध्यम से एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं अपना स्वयं का उद्यम स्थापित करने और मिलेट उत्पादों के विक्रय के लिए कर सकेंगी। यह पहल न केवल महिलाओं को रोजगार से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से भी जोड़ने का कार्य करेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिलेट उत्पादों को बढ़ावा देने के आव्हान पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग ने कृषि महाविद्यालय के सहयोग से 'साथी परियोजना' प्रारंभ की है। इस परियोजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों एवं युवा महिला उद्यमियों के माध्यम से राज्य भर में मिलेट कैफे और मिलेट कार्ट खोले जाने की योजना है। प्रथम चरण में शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर कुल 400 मिलेट कैफे और कार्ट स्थापित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित