दंतेवाड़ा , जनवरी 02 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एक दिवसीय दंतेवाड़ा जिला प्रवास के दौरान स्थानीय कारली हेलीपैड में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरे प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखने को मिली और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी दंतेवाड़ा पहुंचे। इस अवसर पर वन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर जिले के विकास से जुड़े विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की।
हेलीपैड पर बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, डीएफओ सागर जाधव सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के दंतेवाड़ा प्रवास को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिले में विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन से जिले में उत्साह का माहौल देखा गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस प्रवास से दंतेवाड़ा जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित