रायपुर, फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा और अंबिकापुर के दौरे पर रवाना हुए। इस दौरान दोनों शहरों में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालयों का भूमिपूजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

राजिम में हाल ही में दो संप्रदायों के बीच हुए विवाद को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

महादेव सट्टा एप मामले पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि इस प्रकरण में कोई भी शासकीय कर्मचारी संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले में पूरी पारदर्शिता और कठोरता के साथ कार्य कर रही है।

वहीं कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान और प्रशिक्षण को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव सिंह ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक विषय है और इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस अध्यक्ष की है। भाजपा अन्य राजनीतिक दलों के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करती।

भाजपा संगठन की स्थिति पर जानकारी देते हुए किरण देव सिंह ने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक संरचना पूरी तरह सुव्यवस्थित है। प्रदेश स्तर की टीम गठित हो चुकी है और जिला स्तर पर भी संगठन का गठन पूरा कर लिया गया है। सभी संगठनात्मक कार्य पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप तेजी से किए जा रहे हैं और एक सप्ताह के भीतर संगठन का संपूर्ण कार्य पूर्ण हो जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित