लखनऊ , दिसम्बर 03 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि उनके समर्पण और राष्ट्र गौरव की लौ हमेशा खिलाड़ियों को प्रज्वलित करती रहेगी।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि, " हॉकी के जादूगर, अनुशासन और अद्भुत खेल कौशल के प्रतीक, 'पद्म भूषण' मेजर ध्यानचंद की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"उन्होंने कहा है कि आपकी प्रतिभा ने भारतीय हॉकी को स्वर्णिम पहचान दिलाई और आपकी विरासत हर खिलाड़ी में समर्पण और राष्ट्र गौरव की लौ प्रज्वलित करती रहेगी।

गौरतलब है कि मेजर ध्यानचंद एक महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी थे जिन्हें "हॉकी के जादूगर" के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 में भारत को ओलंपिक में तीन स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनकी असाधारण खेल क्षमता, गेंद पर नियंत्रण और गोल स्कोरिंग के कौशल ने उन्हें दुनिया के सबसे महान हॉकी खिलाड़ियों में से एक बना दिया। उनका जन्मदिन, 29 अगस्त, भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित