गोरखपुर , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम गोरखपुर के रामगढ़ताल के किनारे 28.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 4.20 किलोमीटर लंबे ताल रिंग रोड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ताल रिंग रोड के किसी भी स्थान पर संकुचन ;कंजेशन नहीं दिखना चाहिए।

योगी ने मोहद्दीपुर से सहारा इस्टेट तक रामगढ़ताल के किनारे 28.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 4.20 किलोमीटर लंबे ताल रिंग रोड का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों से कहा कि इसे लेकर अगर कहीं भी दिक्कत या अवरोध है तो उसे समय रहते दूर करा दिया जाए। सड़क पर पानी न जमा न होने पाए इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इसका निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से कराया जा रहा है।

शनिवार को निर्माण की प्रगति का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने ले आउट ड्राइंग मैप और वीडियो का अवलोकन कर सड़क के बारे में हर पहलू की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान योगी ने निर्माण के शुरुआती ठिकाने पर कंजेशन दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के किनारे नाले को टैप करने और ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने की भी हिदायत दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित