लखनऊ , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में कारगर साबित हो रही हैं। 'मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना' के तहत मिल रही वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन से युवा न केवल अपना व्यवसाय शुरू कर रहे हैं, बल्कि रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इसी कड़ी में इटावा जनपद के गाड़ीपुरा निवासी बिलाल हसन ने इस योजना का लाभ उठाकर अपनी अलग पहचान बनाई है। बिलाल ने जिला उद्योग केंद्र से जानकारी प्राप्त कर योजना के तहत 10 लाख रुपये का ऋण हासिल किया और प्रिटिंग प्रेस व फ्लेक्स का कारोबार शुरू किया।
शुरुआत में सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। आज उनका उद्यम स्थिर रूप से संचालित हो रहा है और वे प्रतिमाह 50 से 60 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने व्यवसाय के माध्यम से 5 अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।
गौरतलब है कि 'मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना' के तहत विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 25 लाख और सेवा क्षेत्र में 10 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही परियोजना लागत के अनुसार अनुदान भी प्रदान किया जाता है, जिससे युवाओं को व्यवसाय स्थापित करने में सहूलियत मिलती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित