भोपाल , मार्च 25 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जन्मदिवस की शुरुआत मुख्यमंत्री निवास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद गौशाला में गौ सेवा कर की। उन्होंने गौमाता को दुलार कर उन्हें गौ-ग्रास अर्पित किया।

मुख्यमंत्री का जन्मदिवस राजधानी भोपाल सहित विभिन्न स्थानों पर उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में सांगीतिक प्रस्तुति भी हुई और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की बधाई दी।

पूर्व मंत्रियों, विधायकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, ब्रह्माकुमारी संस्था, पत्रकारों, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

सार्वजनिक स्थलों पर भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। सीहोर के किसानों ने श्यामला हिल्स क्षेत्र में हल और अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया, जबकि अन्य स्थानों पर पुष्प वर्षा कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित