पटना , फरवरी 16 -- जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इससे महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे, परिवारों की आय में वृद्धि होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक राज्य के कुल एक करोड़ 81 लाख महिला लाभुकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार के लिये कुल दो लाख 10 हजार रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। साथ ही चयनित लाभुकों को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की दिशा में भी सरकार द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि नीतीश कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि योजना के अंतर्गत लाभुकों द्वारा उत्पादित वस्तुओं की समुचित मार्केटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो और उन्हें स्थायी रोजगार का आधार प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों के शासनकाल में श्री कुमार ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जो अनुकरणीय काम किए हैं, वह अन्य राज्यों के लिए भी मिसाल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित