पटना , जनवरी 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में अधिकारियों से सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और इसे तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज सीतामढ़ी जिला अन्तर्गत बागमती नदी पर 70.89 करोड़ रूपये की लागत से मीनापुर-बेलसंड पथ में चंदौली घाट पर उच्च स्तरीय आर.सी.सी पुल एवं पहुंच पथ का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उन्होंने बेलसंड प्रखंड के ग्राम पंचायत चंदौली में पीएमश्री हितनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने सीतामढ़ी जिले के बेलसंड प्रखंड अंतर्गत हितनारायण उच्च विद्यालय, चंदौली में आयोजित कार्यक्रम में रिमोट के माध्यम से कुल 554.12 करोड़ रुपये की लागत से 67 योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। जिसमें 208.12 करोड़ रुपये की लागत से 26 योजनाओं का उद्घाटन तथा 346 करोड़ रुपये की लागत से 41 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने हितनारायण इंटरस्तरीय विद्यालय, चंदौली के प्रांगण में लगाए गए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सतत् जीविकोपार्जन योजना अन्तर्गत 386 लक्षित परिवारों को आर्थिक सहायता के लिये एक करोड़ 19 लाख 84 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही 4813 जीविका स्वयं सहायता समूह के 19 हजार 124 दीदियों को बैंक लिंकेज द्वारा आर्थिक सहायता के लिये 252 करोड़ रूपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने इसके बाद शिवहर जिला अन्तर्गत बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर, देवकुली मंदिर परिसर में 11.89 करोड़ रूपये लागत की पर्यटकीय सुविधा के विकास कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उन्होंने देवकुली धाम परिसर में कराये गये विकास कार्य एवं सौंदर्गीकरण का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर स्थित तालाब के चारों तरफ सीढ़ी घाट बनाने के काम को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने देवकुली धाम परिसर स्थित बाबा भुवनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने शिवहर में बुडको द्वारा निर्मित कमलेश्वरी नंदन सिंह बस पड़ाव निर्माण पथ का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने नवनिर्मित बस स्टैण्ड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रिमोट के माध्यम से कुल 59 करोड़ रुपये की लागत से 103 योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। जिसमें 42 करोड़ रुपये की लागत से 75 योजनाओं का उद्घाटन तथा 17 करोड़ रुपये की लागत से 28 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने बस पड़ाव परिसर में लगाये गये विभिन्न स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 15 करोड़ एक लाख रूपये का चेक जीविका स्वयं सहायता समूह को सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही 6509 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के द्वारा आर्थिक सहयोग के लिये 25 करोड़ रूपये की राशि का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री उद्यमी योजनान्तर्गत 37 लाभुकों को 99 लाख 75 हजार रूपये का भी सांकेतिक चेक प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित