देहरादून, फ़रवरी 10 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 37 करोड रुपए से अधिक की धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

उन्होंने ऊधमसिंहनगर जिले के सितारंगज विधानसभा क्षेत्र में ग्राम निर्मल नगर और राजनगर को ग्राम सिसोना से जोड़ने के लिये बैगुल नदी पर 150 मीटर सपान आरसीसी सेतु के निर्माण हेतु 11.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इसी तरह मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के तहत पौड़ी जिले के बीरोंखाल विकासखंड में सीली मल्ली से ग्राम खैरड़ा तक ग्रामीण मोटर मार्ग का निर्माण, चम्पावत जिले के मंच तामली मोटर मार्ग का निर्माण और विकासखण्ड पाटी के रेगल बैण्ड मूलाकोट मोटर मार्ग से अमोली तक ग्रामीण मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 8.39 करोड़ रुपये की धनराशि नाबार्ड से वित्तपोषित कराये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों की कड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य परिचर्या सुविधाओं के लिए नैदानिक बुनियादी ढांचे के लिये सहायता उप केन्द्र (ग्रामीण) की योजना के लिये 13.65 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के तहत धारचूला विधानसभा क्षेत्र के अर्न्तगत आने वाले ग्राम वैगा में निकास नाली टीएसपी के क्रियान्वयन के लिए चालू वित्तीय वर्ष में अवशेष धनराशि 52.11 लाख रूपये स्वीकृत किए हैं।

उन्होंने उत्तरकाशी जिले में भटवाड़ी तहसील के आपदा ग्रस्त क्षेत्र धराली गांव में पशु हानि के प्रभावितों को 10.56 लाख रूपये स्वीकृत किए हैं।

विधानसभा क्षेत्र पुरोला में वन विभाग की घोषणा के क्रियान्वयन के लिये 1.5 करोड़ रुपये, पंचायतीराज विभाग के अंतर्गत की गयी घोषणा के क्रियान्वयन हेतु 86.55 लाख रुपये स्वीकृत किये गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित