देहरादून , फरवरी 10 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तहत संचालित मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया।

उन्होंने योजना की शुरुआत करते हुए करते हुए पहले चरण में जनपद बागेश्वर के 42, देहरादून जिले के191, नैनीताल के 75, पौड़ी 66, टिहरी 23 और उधमसिंहनगर जिले के 87 लाभार्थियों को पहली किश्त के रूप में 3 करोड़ 45 लाख 34 हजार 500 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके के खातों में भेजी। इसके साथ मुख्यमंत्री ने विभागीय कैलेंडर का भी विमोचन किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना,महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी और उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा राज्य की लाखों महिलाओं के संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास को नई दिशा दी जा रही है। उनके बगैर किसी भी राष्ट्र और समाज की उन्नति संभव नहीं है। महिला के सशक्त होने से परिवार के साथ पूरा समाज सशक्त होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत कुल 484 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में यह धनराशि दी गई है। शेष 7 जनपदों की 540 महिलाओं को भी लगभग 4 करोड़ रुपये इस माह के अंत तक डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे।

उन्होंने कहा इस योजना में हमने विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा या किसी भी कारण से अकेले जीवन यापन वाली महिलाओं के साथ एसिड अटैक, आपराधिक घटना की पीड़िता, ट्रांसजेंडर्स को भी शामिल किया है।

उन्होंने कहा राज्य सरकार, राज्य की मातृशक्ति के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता, नौकरियों में प्रदेश की महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है।

राज्य सरकार ने उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से राज्य की मातृशक्ति को नए अवसर प्रदान किए जा रहें हैं।

साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत महिला समूहों की ओर से निर्मित उत्पादों को एक ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित