पटना , नवंबर 19 -- बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में कल होने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गये हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संभावित उपस्थिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की रेखा गुप्ता, मध्यप्रदेश के मोहन यादव के शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के कुछ वरिष्ठ नेताओं तथा कुछ केन्द्रीय मंत्री भी भाग लेंगे।

पुलिस मुख्यालय सूत्रों ने आज यहां बताया कि शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुये गांधी मैदान में सामान्य नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है और वाहनों के परिचालन को भी नियंत्रित किया गया है। गांधी मैदान तथा इसके आसपास के इलाके में चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार गांधी मैदान पर स्थित कार्यक्रम स्थल को रूप में पूरी तरह सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक भीड़ न करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग दें ताकि कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वंय गांधी मैदान जाकर तैयारियों और सुरक्षा का जायजा लिया।

जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम और विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीम ने स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेने के बाद बताया कि पूरे मैदान को कार्यक्रम के अनुरूप अलग-अलग ज़ोन में विभाजित किया गया है, जिससे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से की जा सके।

पुलिस के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह के लिये 200 से अधिक मजिस्ट्रेट के साथ 3000 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। गांधी मैदान और उसके चारों ओर 24 घंटे ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है। स्थिति पर नियंत्रण बनाये रखने के लिये पटना पुलिस ने स्पेशल टीम का गठन किया है, साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम में भी एक विशेष टीम की तैनाती की गई है। सुरक्षाकर्मी हर आने जाने वाले पर कड़ी नजर रख रहे हैं। गांधी मैदान में निगरानी के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुये अलग से मेडिकल टीम की भी व्यवस्था की गयी है।इसके अलावापीने के पानी के और शौचालय की भी समुचित व्यवस्था की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित