पटना , जनवरी 14 -- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति और लोहड़ी के पावन अवसर पर बुधवार को समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दीं।

उन्होंने कामना की कि ये पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आये।

अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि मकर संक्रांति और लोहड़ी केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व हैं। ये त्योहार आपसी भाईचारे, पारस्परिक स्नेह और सौहार्द्र को मजबूत करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि इन पर्वों को हर्षोल्लास और सद्भाव के वातावरण में मनायें।

उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर पावन स्नान के बाद चूड़ा, दही और तिलकुट खाने-खिलाने की परंपरा है, जिससे समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश जाता है। वहीं, नई फसलों के घर आने की खुशी में मनाया जाने वाला लोहड़ी पर्व किसान संस्कृति और खुशहाली का प्रतीक है।

उन्होंने इन पर्वों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, सहयोग और आपसी सम्मान की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित