जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान (दवा) योजना के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली दवाओं का खर्चा कम नहीं हुआ है।

श्री खींवसर प्रश्नकाल विधायक हरिमोहन शर्मा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 1572 करोड़ रुपये व्यय किये गए। इसी प्रकार वर्ष 2024 में 1725 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025 में 1656 करोड़ रुपये व्यय किये गए। उन्होंने बताया कि आरजीएचएस योजना के तहत वर्ष 2023- 24 में 19.71 करोड़ लोगों को लाभान्वित किया गया। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में 19.95 करोड़ तथा वर्ष 2025-26 में दिसम्बर तक 15.73 करोड़ व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है।

इससे पहले श्री शर्मा के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान (दवा) योजना के अन्तर्गत जनवरी, 2023 से दिसम्बर, 2025 तक वर्षवार एवं जिलेवार आंवटित एवं व्यय की गई राशि का विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए वर्ष 2023-24 में स्वीकृत राशि 38.86 करोड़ रुपये के विरुद्ध 23.54 करोड़ रुपये व्यय किये गए थे। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में स्वीकृत राशि 37.37 करोड़ रुपये के विरुद्ध 28.44 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में स्वीकृत राशि 21.59 करोड़ रुपये के विरुद्ध गत 31 दिसम्बर तक 1.98 करोड़ रुपये व्यय किये गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित