चंडीगढ़ , दिसंबर 13 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फतेहाबाद में पंचनद सेवा ट्रस्ट द्वारा निर्मित पंचनद सदन के भूतल का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंचनद सेवा ट्रस्ट को 31 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पंचनद सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि हमारी स्मृतियों, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का जीवंत प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी ने पंचनद क्षेत्र को गहरे घाव दिए। यह सदन आने वाली पीढ़ियों को उस दर्दनाक इतिहास से अवगत कराते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देगा। उन्होंने कहा कि पंचनद का अर्थ पांच नदियों-सतलुज, ब्यास, रावी चिनाब और झेलम की धरती से है, जिसने एक समृद्ध सभ्यता को जन्म दिया।
श्री सैनी ने बताया कि पंचनद सदन का शिलान्यास 13 दिसंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया था और आज यह एक प्रेरणादायी स्वरूप में तैयार हुआ है। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी समाज ने विभाजन के बाद भी परिश्रम, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार पंचनद संस्कृति के संरक्षण और विभाजन की स्मृतियों को संजोने के इस प्रयास में ट्रस्ट को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित