भोपाल , जनवरी 15 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी को माखन नगर (बाबई), जिला नर्मदापुरम में आयोजित लाड़ली बहनों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत प्रदेश की बहनों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे। इस अवसर पर लगभग 1 करोड़ 25 लाख 31 हजार पात्र बहनों के खातों में 1,836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इसके साथ ही 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक का अंतरण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्मेलन में विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना में नवंबर 2025 से राशि में 250 रुपये की वृद्धि की गई है और अब पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

योजना की अब तक 31 किश्तों का नियमित रूप से अंतरण किया जा चुका है। जनवरी 2026 में 32वीं किश्त का अंतरण होगा। जून 2023 से दिसंबर 2025 तक कुल 48,632.70 करोड़ रुपये की राशि हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। इसी दौरान जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38,635.89 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान सुनिश्चित किया गया है। भविष्य में हितग्राही महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल उन्नयन कार्यक्रमों से जोड़ने के विशेष प्रयास किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित