उज्जैन , जनवरी 9 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर को काल गणना का मुख्य केंद्र मानते हुए यहां 14 जनवरी मकर संक्रांति पर्व से शुरू होने वाले श्री महाकाल महोत्सव का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव राम तिवारी ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति, राज्य संस्कृति विभाग एवं वीर भारत न्यास के संयुक्त तत्वावधान में 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री महाकाल महालोक में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ 14 जनवरी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के पहले दिन शुभारंभ अवसर पर सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक शंकर महादेवन अपने पुत्रों सिद्धार्थ एवं शिवम के साथ भारतीय संस्कृति की ऊंचाइयों को स्वर देंगे। इसके साथ ही महोत्सव में शास्त्रीय और लोक, परंपरा और आधुनिकता, देशज और वैश्विक धाराओं का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में भावपूर्ण प्रस्तुति, द ग्रेट इंडियन क्वायर, विपिन अनेजा और श्रेयस शुक्ला जैसे कलाकार भी सहभागिता करेंगे।
राम तिवारी ने बताया कि महोत्सव के दौरान जनजातीय लोक कला की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। प्रतिदिन उज्जैन के विभिन्न स्थलों से निकलने वाली कल यात्राएं जनजातीय संस्कृति की जीवंतता, रंगों, वाद्यों और नृत्य की लय के साथ श्री महाकाल महालोक परिसर तक पहुंचेंगी। इसके अलावा इंडोनेशिया और श्रीलंका के नाट्य दलों की सहभागिता के माध्यम से भारत की प्राचीन सांस्कृतिक कड़ियों का पुनर्स्मरण भी कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित