भोपाल , नवम्बर 9 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार के सीतामढ़ी स्थित माँ जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश के नागरिकों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में माँ जानकी की आरती की और पारंपरिक रीति से पूजा संपन्न की। इस दौरान पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत पगड़ी पहनाकर और अंगवस्त्र ओढ़ाकर किया। उन्होंने मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि माता जानकी समर्पण और त्याग की प्रतिमूर्ति थीं। उनका यह धाम भारतीय संस्कृति, आस्था और स्थापत्य कला का अद्भुत संगम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनौरा धाम के दर्शन कर उन्हें अत्यंत आत्मिक शांति मिली है। माता जानकी के चरणों में मध्यप्रदेश की जनता की ओर से प्रणाम कर उन्होंने सभी के मंगल की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे, जिन्होंने 'माता जानकी जय' के जयघोष के साथ स्वागत किया।
दर्शन-पूजन के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माता जानकी की जन्मस्थली के दर्शन का यह अवसर सौभाग्य का प्रतीक है। यह स्थल भगवान श्रीराम के रामराज्य के युग, सीता स्वयंवर और विवाह उपरांत अयोध्या गमन की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से हमें आदर्श, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिली है। काशी, अयोध्या, प्रयागराज और उज्जैन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनरुद्धार से समाज के हर वर्ग को लाभ हुआ है। बाबा महाकाल के महालोक की तरह अब सीतामढ़ी में जनकपुरी धाम का विकास भी प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिससे यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की धरती सम्राट अशोक के समय से ही संस्कृति, ज्ञान और धर्म की पवित्र भूमि रही है। भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब द्वारा इसी प्रदेश में निर्मित सूर्य मंदिर इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बिहार और मध्यप्रदेश के संबंध सदैव प्रगाढ़ रहे हैं, और आज दोनों ही राज्यों की डबल इंजन की सरकार गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित