, Dec. 12 -- भोपाल, 12 दिसम्बर (वार्ता मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रेसवार्ता में शासन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और जनसंपर्क विभाग के आयुक्त दीपक सक्सेना उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दो वर्षों की कार्ययोजना और तीन वर्षों के लक्ष्यों के आधार पर सरकार ने आपदा में अवसर खोजते हुए विकास की रफ्तार कायम रखी है। उन्होंने प्रदेश में नक्सल समस्या के उन्मूलन, हाल ही में नक्सलियों के आत्मसमर्पण, बेहतर होती पुलिसिंग व्यवस्था और सिंचाई क्षेत्र के विस्तार पर विस्तार से जानकारी दी। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने शिप्रा नदी को वर्षभर प्रवाहित रखने के लिए 800 करोड़ की योजना से बने बड़े तालाब के निर्माण और खान नदी के प्रदूषण नियंत्रण की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में निवेश और रोजगार सृजन के लिए आयोजित इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, धार स्थित पीएम मित्रा पार्क से मिलने वाले रोजगार अवसरों, ई-नामांतरण, 12 धार्मिक नगरों में शराबबंदी, एक बगिया मां के नाम योजना, जल-गंगा अभियान तथा गौशाला और गौ-पालन के लिए किए गए कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दूध उत्पादन को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय स्तर पर साँची ब्रांड को स्थापित करने के लिए अमूल के साथ साझेदारी की गई है।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि दो वर्षों की उपलब्धियों में विकास और विरासत दोनों की झलक मिलती है। प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। तो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई की है और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनजातीय, गरीब, महिला और युवा हित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं तथा प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित किया है।
प्रेसवार्ता में डॉ. मोहन सरकार की उपलब्धियों पर आधारित चार पुस्तकों नई राहें नए अवसर, विकास और सेवा के दो वर्ष तथा डॉ. मोहन यादव का अभ्युदय : मध्यप्रदेश सफलता की कहानियां एवं जिलों की विकास यात्रा का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस अब तीन दिन तक मनाया जाएगा, जिसमें स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस वर्ष से इस परंपरा की शुरुआत की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित