भोपाल , फरवरी 7 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 फरवरी को शहडोल जिले के जयसिंहनगर विकासखंड अंतर्गत सीतामढ़ी धाम ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सीतामढ़ी धाम श्रीरामचन्द्र पथगमन मार्ग पर स्थित है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम वनगमन के दौरान अयोध्या से चित्रकूट होते हुए दण्डकारण्य और श्रीलंका तक की यात्रा में 248 प्रमुख स्थलों पर रुके थे, जिनमें शहडोल जिले का गंधिया ग्राम भी शामिल है। दण्डकारण्य में प्रवेश से पूर्व भगवान श्रीराम माता सीता और अनुज लक्ष्मण सहित यहां विश्राम किए थे। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे इस ग्राम में माता सीता की रसोई और भगवान श्रीराम का मंदिर आज भी विद्यमान है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसी अवसर पर जयसिंहनगर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गंधिया में आयोजित कार्यक्रम में 767 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए एवं प्रस्तावित कुल 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इनमें 633 करोड़ रुपये की लागत वाले 82 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इन कार्यों में एमपीआरडीसी, लोक निर्माण विभाग भवन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, जनजातीय कार्य विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन विभाग तथा मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री 134 करोड़ रुपये की लागत वाले 60 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन भी करेंगे। इनमें जनजातीय कार्य विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग भवन पीआईयू, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के कार्य सम्मिलित हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव धनपुरी नगरपालिका द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वॉटर पार्क का भी लोकार्पण करेंगे। वॉटर पार्क में क्लब हाउस, स्वीमिंग पूल तथा बच्चों और युवाओं के मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्वीमिंग पूल का निर्माण मिनी ओलंपिक मापदंडों के अनुरूप किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एसईसीएल द्वारा अधिग्रहित भूमि के 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके अतिरिक्त वनाधिकार पट्टों का वितरण, ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को सीसीएल का वितरण, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट, स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ तथा श्रम विभाग द्वारा दुर्घटना, मृत्यु एवं सामान्य मृत्यु के प्रकरणों में हितग्राहियों को राहत राशि का वितरण भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित