उज्जैन , मार्च 8 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में रंगपंचमी के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टावर चौक पर आमजन के साथ फूलों की होली खेली और गुलाब के फूलों की वर्षा कर उत्सव में भागीदारी की।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंधी कॉलोनी से निकाली गई गेर में भी शामिल हुए। आमजन ने मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर हर्षोल्लास के साथ रंगपंचमी का पर्व मनाया और उनका अभिवादन किया। टावर चौक पर बनाए गए मंच से मुख्यमंत्री ने लोगों पर गुलाब के फूल बरसाए और सभी के साथ होली खेली।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि फूल हमें याद दिलाते हैं कि जीवन में रंग भले कितने भी हों, लेकिन असली रंग दिल के होते हैं, जो एक-दूसरे के लिए सम्मान, भाईचारे और देशभक्ति से भरे रहते हैं। उन्होंने कामना की कि रंगपंचमी के अवसर पर लोगों के जीवन में आत्मीयता, प्रेम और स्नेह बढ़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित