फर्रुखाबाद , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को विभिन्न रूट निर्धारित कर दिए गए। इस संबंध में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गठित समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित समिति के सदस्य एवं आवेदक उपस्थित रहे।

बैठक का आयोजन परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श करते हुए आवेदकों से चर्चा के बाद जनपद में ग्राम परिवहन सेवा संचालन हेतु विभिन्न मार्गों पर सहमति बनाई गई।

निर्धारित प्रमुख मार्गों में सिवारा-कम्पिल-कायमगंज-फर्रुखाबाद, इकलहरा-कम्पिल-कायमगंज-फर्रुखाबाद, रौकरी-सिवारा-कम्पिल-कायमगंज-फर्रुखाबाद, रुदायन-कम्पिल-कायमगंज-फर्रुखाबाद, नगलाजवाहर-कुतलूपुर-गूजरपुर-अमृतपुर-राजेपुर-फर्रुखाबाद, बिरियाडांडा-शमशाबाद-फर्रुखाबाद, कड़हर-सलेमपुर-चाचूपुर-पांचालघाट-फर्रुखाबाद, दहिलिया-संकिसा-नीवकरोरी-मोहम्मदाबाद-फर्रुखाबाद, खिरियासींगनपुर-संकिसा-नीवकरोरी-मोहम्मदाबाद-फर्रुखाबाद, कुआंखेड़ा-शमशाबाद-फैजबाग-हथियापुर-फर्रुखाबाद तथा गदनपुरतुर्रा-जरारी-रजीपुर-कमालगंज-फर्रुखाबाद शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चयनित मार्गों पर ग्राम परिवहन सेवा का संचालन नियमानुसार एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों को मुख्य मार्गों और नगरों से जोड़ना है, जिससे आवागमन में सुविधा के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर सेवा प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित