भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से कहा है कि वे केवल सफल युवाओं ही नहीं, बल्कि संघर्षरत और बेरोजगार युवाओं से भी संवाद करें।
श्री पटवारी ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में चयनित युवाओं से संवाद करना सराहनीय है, लेकिन प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे युवा भी हैं, जो बेरोजगारी, असफलताओं और अनिश्चित भविष्य के बीच संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की समस्याओं और भावनाओं को समझना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के रोजगार कार्यालयों में 30 लाख से अधिक बेरोजगार युवा पंजीकृत हैं, जबकि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग सहित अन्य भर्ती परीक्षाएं लंबे समय से लंबित हैं। साथ ही पेपर लीक और भर्ती घोटालों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है और हजारों पद खाली होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हर वर्ष लाखों युवा परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन चयन दर एक प्रतिशत से भी कम रहती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ये संघर्षरत युवा प्रदेश का गौरव नहीं हैं और क्या उनके साथ संवाद करना सरकार का दायित्व नहीं है।
श्री पटवारी ने सरकार से पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई, लंबित भर्तियों का स्पष्ट कैलेंडर जारी करने और रिक्त पदों को भरने के लिए समय-सीमा तय करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित