जयपुर , दिसम्बर 12 -- राजस्थान के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर गिनाई गई उपलब्धियों पर पलटवार करते हुए कहा है किमुख्यमंत्री को जनता से दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावों में जो वादे जनता से किए थे कितने पूरे हुए, इस बारें में जानकारी देनी चाहिए थी।
श्री डोटासरा ने शुक्रवार को यहां मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान आज सभी क्षेत्रों में पिछड़ा हुआ है। यमुना जल समझौते को लेकर मुख्यमंत्री बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं लेकिन वह दावे के साथ कह सकते हैं कि इन मुख्यमंत्री के कार्यकाल में शेखावाटी के लिए यमुना का जल नहीं आ सकता है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी में जबरदस्त अर्न्तकलह है, मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों को संतुष्ट नहीं कर पा रहे है दिल्ली के 40 दौरे मुख्यमंत्री ने कर लिए है लेकिन एक नया पैसा राजस्थान के लिए लेकर नहीं आये।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम पर है, रंगदारी के नाम पर हत्याएं हो रही है। उद्योगपतियों को रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही है लेकिन सरकार सोयी हुई है, मुख्यमंत्री जो प्रदेश के गृह मंत्री भी है उनको प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर उचित कदम उठाने चाहिए।
श्री डोटासरा ने कहा कि वह मुख्यमंत्री से जयपुर के अल्बर्ट हॉल पर राज्य सरकार की उपलब्धियों को लेकर खुली चर्चा जनता के सामने करने को तैयार है। कोई भी पांच विभाग जो जन सरोकार से संबंधित है उन्हीं की बात कर ले कांग्रेस शासन में जो कल्याणकारी कार्य हुए उसकी जानकारी मुख्यमंत्री को मिल जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित