सिवनी , नवम्बर 12 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सिवनी आगमन पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिले की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन देने की तैयारी की गई थी, किंतु प्रशासन ने कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल को मिलने की अनुमति नहीं दी। इस पर कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने का प्रयास किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने प्रशासन से निवेदन किया कि कांग्रेस पदाधिकारी शांतिपूर्ण ढंग से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले की समस्याओं से अवगत कराना चाहते हैं। अनुमति न मिलने पर वे केवलारी विधायक रजनीश सिंह सहित कार्यकर्ताओं के साथ हेलीपैड की ओर रवाना हुए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो झूमाझटकी हो गई। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया, जिसमें नरेश मरावी सहित कई कांग्रेस नेता घायल हो गए। बाद में सभी नेताओं को गिरफ्तार कर डूंडा सिवनी थाने ले जाया गया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन ने विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया। कांग्रेस की 12 सूत्रीय मांगों में किसानों की उपज पर समर्थन मूल्य, सिंचाई के लिए पानी और बिजली, सिवनी को संभाग मुख्यालय बनाने, मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण का निर्माण, इंजीनियरिंग कॉलेज और ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना जैसी प्रमुख मांगे शामिल थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित