चंडीगढ़ , मार्च 11 -- शिरोमणि अकाली दल की विधायक गनीव कौर मजीठिया ने बुधवार को कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर महिलाओं को वस्तु के रूप में पेश करने और उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि इसके खिलाफ वह राष्ट्रीय महिला आयोग का रुख करेंगी।

श्रीमती मजीठिया ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री को लुधियाना में दिए गए अपने भाषण के दौरान महिलाओं के बारे में की गई टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए। यदि मान माफी मांग लेते हैं, तो मामला यहीं खत्म हो सकता है, अन्यथा वह इस मुद्दे को राष्ट्रीय महिला आयोग के पास ले जाएंगी। उन्होंने प्रदर्शनों के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले पर भी चिंता जताई।

पंजाब विधानसभा में कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा के बयान के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में श्रीमती मजीठिया ने कहा कि वह उनके बयानों का न तो समर्थन करती हैं और न ही विरोध, लेकिन उनका मानना है कि उन्हें सदन में बोलने का अवसर दिया जाना चाहिए था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित