चंडीगढ़ , दिसंबर 07 -- कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए करोड़ों की कथित डील संबंधी बयानों ने पंजाब की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता बलतेज पन्नू ने मैडम सिद्धू और सुनील जाखड़ के हालिया दावों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
श्री पन्नू ने कहा कि सुनील जाखड़ उस समय पंजाब कांग्रेस के प्रधान थे, इसलिए उन्हें कांग्रेस की सारी अंदरूनी गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। "तभी तो वह इतनी गारंटी के साथ यह बात कह रहे हैं," पन्नू ने तंज कसते हुए कहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई पार्टी 350 करोड़ रुपये में मुख्यमंत्री की कुर्सी बेचेगी, तो स्वाभाविक है कि ऐसा मुख्यमंत्री आगे भ्रष्टाचार में ही लिप्त रहेगा। पन्नू ने सुनील जाखड़ से सीधा सवाल पूछा-"क्या इसी वजह से वह पंजाब कांग्रेस के प्रधान होते हुए भी मुख्यमंत्री नहीं बन पाए?"उन्होंने कहा कि अगर जनता कांग्रेस पर भरोसा करती है और सत्ता उसके हाथ में आती है, तो "जो 500 करोड़ रुपये देकर मुख्यमंत्री बनेगा, वह आगे जाने कितने घोटाले करेगा।"इन आरोपों से पंजाब की सियासत में एक बार फिर गरमाहट बढ़ गई है और कांग्रेस पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित