मुंबई , फरवरी 03 -- मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया जब दो विमानों के डैने आपस में टकरा गये।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों विमानों में कुल 250 से अधिक यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई2732 उड़ान भरने के लिए रनवे की तरफ जा रही थी। यह ए320 विमान था। उसी समय इंडिगो का एक ए320 विमान रनवे पर उतरा था और टैक्सी-वे की तरफ आ रहा था।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान सी1 से एम4 की तरफ जा रहा था। इंडिगो का विमान रनवे से बी1 की तरफ आ रहा था। उस समय दोनों विमानों के दाहिने डैने आपस में टकरा गये।
गनीमत रही कि दोनों विमान टैक्सी कर रहे थे और इसलिए बड़ा हादसा नहीं हुआ। दोनों के डैने क्षतिग्रस्त हो गये हैं।
हादसे के बाद दोनों विमान 'बे' में वापस लौट आये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित