मुंबई , नवंबर 07 -- सीमा शुल्क अधिकारियों ने तीन अलग-अलग मामलों में मुंबई हवाई अड्डे पर मारिजुआना और सोने की तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पहले मामले में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर एक यात्री को 5.922 किलोग्राम मारिजुआना की तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया, जिसकी कीमत 5.922 करोड़ रुपये आंकी गयी है। यह गिरफ्तारी यात्री से जुड़ी विभिन्न तरह की जानकारियाें के विश्लेषण के आधार पर की गयी। आरोपी बैंकॉक से उड़ान संख्या एसएल218 से आया था। सामान की जांच के दौरान, सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसके चेक-इन ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद किया।
अधिकारियों ने इस बताया कि इस संबंध में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में, प्रोफाइलिंग के जरिए अधिकारियों ने बैंकॉक से उड़ान संख्या एआई2338 से पहुंचे दो यात्रियों को 12 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मारिजुआना की तस्करी के आरोप में हिरासत में लिया। सामान की जांच के दौरान, अधिकारियों ने 12.017 किलोग्राम संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड बरामद किया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 12.017 करोड़ रुपये है। नशीले पदार्थों को चॉकलेट और चिप्स के पैकेट के अंदर छुपाया गया था। आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। तीसरे मामले में सीमा शुल्क अधिकारियों ने दुबई से उड़ान संख्या एआई 2202 से आये एक यात्री को रोका और तलाशी ली तो 225 ग्राम वजन की आठ 24 केटी कच्चे सोने की चूड़ियां बरामद हुईं। आरोपी ने अपने शरीर पर सोना छुपा कर रखा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित