नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा है कि मुंबई में 14 सितंबर 2023 को वीएसआर वेंचर्स के एक बिजनेस विमान की दुर्घटना की जांच अंतिम चरण में है।
वीएसआर वेंचर्स का लीयरजेट 45 विमान 14 सितंबर 2023 को मुंबई में उतरते समय हादसे का शिकार हो गया था। विमान विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से मुंबई आया था। उसमें छह यात्री और चालक दल के दो सदस्य सवार थे।
एएआईबी ने बताया कि विमान लगातार रनवे 27 पर दाहिनी तरफ भाग रहा था और वह टैक्सी-वे 'डब्ल्यू' और 'एन' की क्रॉसिंग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में को-पायलट को गंभीर चोट आयी थी जबकि मुख्य पायलट और सभी यात्रियों को हल्की चोटें आयी थी। विमान पूरी तरह नष्ट हो गया था।
एएआईबी ने बताया कि सभी साक्ष्यों और अन्य कागजातों का विश्लेषण पूरा हो चुका है और जांच अंतिम चरण में है। जांच दल जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने की पूरी कोशिश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वीएसआर वेंचर्स का ही एक अन्य लीयरजेट 45 विमान 28 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र के बारामती में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लग गयी थी जिसमें राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उनके एक निजी सुरक्षा अधिकारी तथा एक सहायक और चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित