पटना , जनवरी 22 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने गुरुवार को कहा कि मुंबई स्थित बिहार भवन के निर्माण का निर्णय सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है और यह भवन अलग अलग जरूरतों के साथ इस मायानगरी में आने वाले प्रवासी बिहारियों का भरोसेमंद सहारा बनेगा।

श्री पटेल ने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि मुंबई में इलाज के लिए आने वाले बिहार के रोगियों, उनके परिजनों तथा वहाँ वर्षों से परिश्रम और मेहनत से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाले बिहारवासियों के लिए एक भरोसेमंद सहारा बनेगा।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार का इस परियोजना में पूर्ण रूप से सहयोग कर रही है और दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय, संवैधानिक मर्यादाओं और संघीय भावना के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई की प्रगति में बिहारियों के खून-पसीने की मेहनत शामिल है। उन्होंने कहा कि मुंबई में चल रहे निर्माण, उद्योग, सेवा और श्रम के हर क्षेत्र में बिहारवासियों का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है।

श्री पटेल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजद और कुछ विपक्षी दल, राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस परियोजना को बाधित करने की साजिश रच रहे हैं। यह प्रयास न केवल बिहारियों के हितों के विरुद्ध है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता पर भी चोट है। ऐसी राजनीति को जनता भली-भांति पहचानती है और समय आने पर करारा जवाब देती है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिहार भवन का निर्माण किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि जनसेवा के लिए है। यह स्वास्थ्य, आवास और प्रशासनिक सुविधा का एक समग्र केंद्र बनेगा, जिससे मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा और परिजनों को सम्मानजनक सहूलियत मिलेगी। यह परियोजना बिहारियों के आत्मसम्मान, अधिकार और सुविधा का प्रतीक है।

श्री पटेल ने कहा कि बिहार सरकार की मनसा साफ और विकास तथा जनहित के कार्य विपक्ष के बेवजह विरोध से नहीं रुकने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में बिहार भवन समय से बनेगा और प्रवासी बिहारियों की सेवा के केंद्र कर रूप में स्थापित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित