मुंबई , दिसंबर 27 -- मुंबई में अवसंरचना के काम के कारण पश्चिम रेलवे की सेवाएं शनिवार को बाधित रहीं, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को कुल 296 लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गयीं। साथ ही बोरीवली में प्लेटफॉर्म संख्या आठ और नौ को बंद किये जाने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह रुकावट बांद्रा टर्मिनस और बोरीवली के बीच छठी लाइन अपग्रेड के लिए 30 दिन के ब्लॉक का हिस्सा है।

जानकारी के अनुसार, 27 से 29 दिसंबर तक 629 सेवाएं रद्द कर दी गयी हैं, जिससे बोरीवली से गोरेगांव तक के रूट प्रभावित होंगे।

कुछ ट्रेनें सिर्फ गोरेगांव तक ही चल रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह रुकावट मुंबई शहरी परिवहन परियोजना (एमयूटीपी ) के तहत बोरीवली में लाइन लिंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग जैसे बड़े तकनीकी कामों के कारण उत्पन्न हुयी है। छठी लाइन परियोजना का मकसद उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनों को अलग करना है, जिससे मुंबई के सबसे व्यस्त हिस्सों में से एक पर भीड़ कम हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित