मुंबई , फरवरी 22 -- मुंबई पुलिस ने सभी पुलिस कर्मियों के वर्दी में रील, मिनी-व्लॉग या किसी भी तरह के सोशल मीडिया वीडियो बनाने या पोस्ट करने पर रोक लगा दी है।

इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी- विशेष शाखा) दत्तात्रेय कांबले ने एक सर्कुलर जारी किया गया है। इसमें जोर दिया गया है कि ऐसी सामग्री अनजाने में कार्यालयों, सरकारी वाहनों, उपकरणों या ड्यूटी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी उजागर कर सकती है, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता के जोखिम पैदा हो सकते हैं।

सर्कुलर में कहा गया है, "यह देखा गया है कि मुंबई पुलिस बल के कुछ अधिकारी/कर्मचारी वर्दी में सोशल मीडिया पर रील, मिनी-व्लॉग या अन्य वीडियो बना रहे हैं और पोस्ट कर रहे हैं। भविष्य में ऐसे किसी भी वीडियो को अपलोड न करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।"सर्कुलर के अनुसार, उल्लंघन करने वालों को महाराष्ट्र नागरिक सेवा (अनुशासन और अपील) नियम, 1979 के तहत कार्रवाई का सामना करना होगा। सोशल मीडिया लैब इसके पालन की निगरानी करेगी। हालांकि सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग के संबंध में दिशा-निर्देश पहले भी जारी किए गए थे, लेकिन यह ताजा कदम कदम अधिक कड़ा है, क्योंकि यह सीधे तौर पर वर्दी में वीडियो बनाने पर रोक लगाता है। इस कदम से बल के भीतर 'खाकी स्वैग' के चलन पर रोक लगने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित