मुंबई , फरवरी 06 -- महाराष्ट्र वन विभाग ने मुंबई पुलिस की सहायता से जुहू इलाके के एक घर से जिंदा मगरमच्छ और धब्बेदार कछुआ बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान इमरान इस्माइल शेख के रूप में हुई है, जिससे वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत पूछताछ की जा रही है।

ठाणे वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि क्राइम ब्रांच यूनिट-9 को जुहू के मोरगाई शंकर चॉल स्थित एक घर में अवैध रूप से मगरमच्छ और कछुआ रखे जाने की सूचना मिली थी। यह जानकारी वन विभाग को साझा की गई, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।

वन विभाग और पुलिस की टीमों ने घर पर छापा मारकर एक जिंदा मगरमच्छ और एक कछुआ बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं, विशेष रूप से धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित