मुंगेर , फरवरी 14 -- बिहार में मुंगेर जिला मुख्यालय स्थित पहाड़ी गुफा में अवस्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंडिका मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार में लगातार हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर मंदिर परिसर में सुविधाओं के विस्तार को लेकर मां चंडिका मंदिर न्यास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और मंदिर परिसर को पूर्णतः प्लास्टिक फ्री जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया।
जिला पदाधिकारी श्री निप्पणीकर ने मीडिया को बताया कि मां चंडिका मंदिर एक प्रमुख शक्तिपीठ है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और संख्या में वृद्धि को ध्यान में रखते हुये कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश की अनुमति नहीं है। अरघा व्यवस्था के माध्यम से जलाभिषेक किया जाता है और मंदिर के बाहर गेट पर ही पूजा-अर्चना का विधान है। श्रद्धालु लंबे समय से गर्भगृह में प्रवेश और बिना किसी शुल्क के पूजा की अनुमति देने की मांग करते रहे हैं। इस विषय पर भी प्रशासनिक स्तर पर विचार- विमर्श जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित