मुंगेर ,14 फरवरी ,2026। (वार्ता): केंद्र सरकार ने बिहार में मुंगेर जिले के जमालपुर में स्थित 99 वर्ष पुराने भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान को 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में विकसित करने के लिये 350 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है, जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है और मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जायेगा।
यह जानकारी भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान के महानिदेशक अनिमेष कुमार सिन्हा ने 13-14 फरवरी को आयोजित 99वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर मीडिया से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान को विश्व स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जायेगा, जहां रेल क्षेत्र में विश्व स्तर पर आ रही अत्याधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इससे भारतीय रेल के अधिकारियों और युवाओं के साथ- साथ विदेशों के प्रशिक्षु भी लाभान्वित हो सकेंगे।
संस्थान के उन्नयन में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप से इस परियोजना को गति मिली है।
संवाददाता सम्मेलन में मॉडर्न कोच फैक्ट्री के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा, इंटीग्रल कोच फैक्ट्री एवं रेल कोच फैक्ट्री के महाप्रबंधक यू. सुब्बाराव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जानकारों के अनुसार, करीब एक सदी पुराने इस संस्थान का 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में रूपांतरण न केवल जमालपुर बल्कि पूरे बिहार के लिये गर्व और रोजगार के नये अवसरों का द्वार खोलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित