मुंगेर , जनवरी 31 -- बिहार के मुंगेर जिले में गर्म झरनों के लिए देश दुनिया में प्रसिद्ध "सीता कुंड" परिसर में एक फरवरी से शुरू हो रहे एक माह तक चलने वाले माघ मेला का शनिवार की शाम उद्घाटन किया गया।
अपर समाहर्ता मनोज कुमार, सदर अनुमंडल अधिकारी कुमार अभिषेक और अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने संयुक्त रूप से माघ मेला का उद्घाटन किया। उन्होंने माता सीता की पूजा अर्चना की और माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त किया।उद्घाटन के समय सीता कुंड परिसर शंख की आवाज और मंत्रोच्चार से गूंज उठा।पूरे सीता कुंड परिसर को झालरों और रंगीन बालों से सजाया गया है।
सीता कुंड माघ मेला में प्रतिवर्ष दो से तीन लाख श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। पूरे विश्व में सीता कुंड पर्यटकों को इसलिए आकर्षित करता है कि एक ही परिसर में राम कुंड, लक्ष्मण कुंड, भारत कुंड और शत्रुघ्न कुंड में पूरे वर्ष भर शीतल जल रहता है, जबकि नजदीक के सीता कुंड में वर्ष में सात महीना कुंड का जल खौलता रहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित