पटना , अप्रैल 03 -- जमीन से जुड़े मामलों में आम लोगों की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से चार अप्रैल को मुंगेर में भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे।
संवाद कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए मुंगेर जिले के सभी नौ अंचलों के लिए नौ अलग-अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे। इन काउंटरों पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि मापी, भूमि विवाद, अतिक्रमण सहित जमीन से जुड़े सभी मामलों की शिकायतों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जन सामान्य की जानकारी और मार्गदर्शन के लिए एक अलग पूछताछ काउंटर भी बनाया जाएगा, जहां लोग प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित