मुंगेर, फरवरी 10 -- बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने कहा कि मुंगेर के प्रसिद्ध फुटबॉल ख़िलाड़ी स्वर्गीय रविंद्र प्रसाद सिंह के सपने को साकार करने के लिए उनके गांव शीतलपुर में दो करोड़ की लागत से फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
श्री शंकरण कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेल चुके मुंगेर के मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय रविंद्र प्रसाद सिंह ने एक सपना देखा था कि उनके शहर में भी आधुनिक सुविधाओं से लैश एक फुटबॉल स्टेडियम हो जहाँ से नई प्रतिभाओं को तराशने का मौका मिले। उन्होंने कहा कि श्री सिंह भले आज इस दुनिया में नही हैं, लेकिन बिहार सरकर जूनून को स्टेडियम की शक्ल में साकार रूप दे रही है।
मुंगेर जिला मुख्यालय से लगभग चार किलोमीटर दूर शीतलपुर गांव में एक किसान परिवार में जन्में रविंद्र प्रसाद सिंह में फुटबॉल के प्रति गहरा लगाव बचपन से था। उन्होंने अपना समूचा जीवन फुटबॉल को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने में व्यतीत कर दिया। श्री सिंह राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल खेले और उनका सपना था कि उनके गांव शीतलपुर में एक फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण हो।
वर्तमान में बिहार सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत दो करोड़ की लागत से मुंगेर जिला मुख्यालय के सदर प्रखंड के शीतलपुर गांव में फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण शुरू हो गया है। इस स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, कार्यालय, दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ सभी आधुनिक सुविधाएँ होंगी।
मुंगेर जिला में बनने वाला यह पहला फुटबॉल स्टेडियम है। सरकार की इस पहल से जिले में इस खेल और खिलाड़ियों को काफी प्रोत्साहन मिलेगा।
खास बात है कि रविंद्र प्रसाद सिंह के अधूरे कार्यों को आगे बढाने में उनके तीसरे पुत्र भावेश सिंह का बहुत योगदान है। भावेश बताते हैं कि उनके पिता में कॉलेज के दिनों से ही फुटबॉल के प्रति जुनून था और यह जुनून उनकी अंतिम सांस तक बना रहा।
श्री सिंह के छोटे भाई सुदेश प्रसाद सिंह बताते हैं कि रवींद्र प्रसाद सिंह में फुटबॉल के प्रति रुझान बचपन से ही रहा जो जीवनपर्यंत बना रहा।
मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने कहा कि मुंगेर जिले के एक छोटे गांव से आने वाले स्वर्गीय रविंद्र प्रसाद सिंह ने अपना पूरा जीवन फुटबॉल को समर्पित कर दिया। यह स्टेडियम उनकी स्मृतियों को समर्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित