मुंगेर , जनवरी 22 -- बिहार में मुंगेर जिला मुख्यालय स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की प्रधान शाखा के सहायक प्रबंधक नवल किशोर कुमार के लापता होने के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ है कि नवल किशोर कुमार को अंतिम बार खगड़िया रेलवे स्टेशन पर अपनी बाइक खड़ी करने के बाद अकेले खगड़िया बाजार की ओर जाते हुये देखा गया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस लापता सहायक प्रबंधक के मोबाइल फोन के कॉल डाटा का विश्लेषण कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि लापता होने से पहले और उसके दौरान उनकी किन- किन लोगों से बातचीत हुई थी। पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है और उन्हें सकुशल बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

उल्लेखनीय है कि नवल किशोर कुमार 20 जनवरी, 2026 को ऋण वसूली के सिलसिले में खगड़िया गये थे। उसी शाम उनकी मोटरसाइकिल खगड़िया रेलवे स्टेशन के बाहर लावारिस हालत में मिली, लेकिन न तो वे घर लौटे और न ही बैंक पहुंचे।

इस मामले में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और अहम खुलासे हो सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित