मुंगेर , जनवरी 29 -- मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दोपहर दिनदहाड़े एक विद्यालय के अवकाश प्राप्त प्राचार्य व सीनियर सिटीजन मणिकांत झा से दो लाख की लूट के मामले में पुलिस ने घटना के 12 घंटे के अंदर ही लूट कांड से जुड़े तीन सड़क लुटेरों को एक लाख तीस हजार नगद के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक(एसपी) सैयद इमरान मसूद ने आज संवाददाताओं को बताया है कि गिरफ्तार तीनों लुटेरे कर्ण तिवारी,दीपक तिवारी और टिंकू तिवारी बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के सुखारा गांव के रहने वाले हैं ।
एसपी ने बताया कि सीनियर सिटीजन श्री झा पंजाब नेशनल बैंक से दो लाख रुपए निकाल कर अपने घर लौट रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उनका रुपए का बैग लूट लिया।
श्री मसूद ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरा और अन्य तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से गिरोह का उद्वेदन किया और घटना के 12 घंटों के अंदर कांड में शामिल तीनों सड़क लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया ।
गिरफ्तार दो सड़क लुटेरे करण तिवारी और टिंकू तिवारी पिता पुत्र हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित