बारां , जनवरी 31 -- राजस्थान में बारां जिले के प्रभारी सचिव हरिमोहन मीना ने बारां प्रवास के दौरान शनिवार को शहीद राजमल मीणा जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस दौरान श्री मीना ने जिला औषधि वितरण केन्द्र में पांच कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और केन्द्र से दवा आपूर्ति पर प्रभावी निगरानी करने की हिदायत दी।

उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में संचालित मातृ एवं शिशु अस्पताल में पंजीकरण काउंटर पर मरीजों के पंजीयन एवं परामर्श पर्ची बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। साथ ही शिशु टीकाकरण के कार्य के रिकार्ड का अवलोकन करते हुए स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के परिजनों से स्टाफ द्वारा उपहार स्वरूप धनराशि की मांग को लेकर भी सवाल पूछा।

निरीक्षण के दौरान श्री मीना ने अस्पताल परिसर के प्रमुख मार्ग पर नाला निर्माण के कार्य में तकनीकी खामी देखते हुए प्रधान चिकित्साधिकारी (पीएमओ) एवं अभियंता को इसे सुधारने के लिए निर्देशित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित