मोहाली , जनवरी 16 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सरदार बलबीर सिंह सिद्धू ने राज्य में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा कथित रूप से पंजाब केसरी समूह सहित स्वतंत्र मीडिया संस्थानों के खिलाफ अपनायी जा रही दमनकारी नीति की कड़े शब्दों में निंदा की।

श्री सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि लगातार दबाव, धमकियों और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के ज़रिये मीडिया को प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही है, जो सीधे तौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। उन्हाेंने कहा कि स्वतंत्र प्रेस से डरकर सत्ता में बैठे लोगों की असुरक्षा को उजागर करता है। पंजाब सरकार की कार्रवाइयां यह साबित करती हैं कि वह सच्चाई, निष्पक्षता और जनता की आवाज़ से डरती है। जिस सरकार को अपने काम पर भरोसा होता है, वह कभी मीडिया को दबाने का प्रयास नहीं करती। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 'बदलाव' के नारे के साथ सत्ता में आयी थी, लेकिन आज हकीकत यह है कि पंजाब में अपनी नाकामियों के खिलाफ उठने वाली हर आवाज़ को योजनाबद्ध तरीके से कुचला जा रहा है। यह रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए बेहद खतरनाक है और इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार संविधान की शपथ भूल चुकी है। मीडिया घरानों को निशाना बनाना, सरकारी एजेंसियों के माध्यम से डर का माहौल बनाना और आलोचना को अपराध बनाने की कोशिश करना लोकतांत्रिक मूल्यों का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यही वह पार्टी है, जो दिल्ली में प्रेस की आज़ादी की बात करती थी, लेकिन पंजाब में सत्ता मिलते ही उसने दमन का रास्ता अपना लिया।

सरकार को चेतावनी देते हुए श्री सिद्धू ने कहा कि राज्य की शक्ति और सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग से सच्चाई को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन सच्चाई को कभी हराया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपनी नाकामियों, चाहे वह कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हालत हो, नशे का बढ़ता कहर, बेरोज़गारी या महंगाई, से ध्यान हटाने के लिए मीडिया पर दबाव बना रही है। सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार सवाल पूछने वालों को ही चुप कराना चाहती है, जो एक तानाशाही सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह रवैया केवल मीडिया के लिए ही नहीं, बल्कि पंजाब के हर उस नागरिक के लिए खतरे की घंटी है, जो सच बोलने का साहस रखता है।

श्री सिद्धू ने कहा कि जो सरकार अपने ही लोगों से, ईमानदार सवालों से और अख़बारों की सुर्खियों से डरती हो, वह पंजाब को कभी सुरक्षित भविष्य नहीं दे सकती। ये दमनकारी नीतियां आम आदमी पार्टी के दोहरे चेहरे को बेनकाब कर रही हैं और पंजाब की जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से खड़ी है, क्योंकि स्वतंत्र मीडिया ही लोकतंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ है। कांग्रेस मीडिया की आज़ादी, सच्चाई और लोकतंत्र को कमजोर करने की हर कोशिश का विरोध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित