, Feb. 10 -- काहिरा, 10 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) मिस्र के विदेश मंत्री बदर अब्देलट्टी ने मंगलवार को अपने ईरानी समकक्ष सैयद अब्बास अरघची के साथ अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता पर चर्चा करने के लिए फोन पर बातचीत की। यह जानकारी मिस्र के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में दी।

श्री अब्देलट्टी ने संवादों का समर्थन करने एवं तनाव कम करने, राजनयिक एवं राजनीतिक चैनलों के माध्यम से सभी चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से किए गए सभी प्रयासों के लिए मिस्र का पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।

मिस्र के विदेश मंत्री ने आपसी सम्मान एवं साझा हितों पर आधारित शांतिपूर्ण और सहमतिपूर्ण समाधान की दिशा में वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत जारी रखने का आह्वान किया।

उन्होंने वर्तमान नाजुक दौर में किसी भी मतभेद को दूर करने और क्षेत्र में तनाव को कम करने के लिए संवाद को प्राथमिक विकल्प के रूप में बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री अराघची ने क्षेत्रीय तनाव को कम करने में मिस्र की सक्रिय भूमिका और ईरानी परमाणु मुद्दे पर आपसी समझ को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

शुक्रवार को, तेहरान और वाशिंगटन ने जून 2025 में ईरान और इज़रायल के बीच हुए युद्ध के बाद मस्कट में अपनी पहली अप्रत्यक्ष वार्ता की, जिस दौरान अमेरिका ने ईरानी परमाणु स्थलों पर बमबारी की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित