मुंबई , जनवरी 31 -- अभिनेत्री शांभवी का कहना है कि स्टार प्लस के शो मिस्टर एंड मिसेज परशुराम की कहानी सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कहीं आगे जाकर इमोशंस और रिश्तों को भी खूबसूरती से दिखाती है।
स्टार प्लस के आने वाले शो मिस्टर एंड मिसेज परशुराम में शालिनी का किरदार निभा रहीं शांभवी सिंह इस प्रोजेक्ट को बेहद खास और क्रिएटिव तौर पर संतोष देने वाला बताती हैं। चैनल और शो के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए शांभवी ने कहा कि इसकी कहानी सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कहीं आगे जाकर इमोशंस और रिश्तों को भी खूबसूरती से दिखाती है।
शांभवी सिंह ने कहा, "यह वाकई बहुत खास और एक्साइटिंग लग रहा है। मिस्टर एंड मिसेज परशुराम सिर्फ एक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें इमोशंस, रिश्ते और रोज़मर्रा की जद्दोजहद गहराई से जुड़ी हुई है, जो हर उम्र के दर्शकों को जोड़ती है। ऐसे शो का हिस्सा बनना जो दिल और रोमांच के बीच अच्छा बैलेंस बनाता हो, क्रिएटिव तौर पर बहुत सुकून देता है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे ऐसे प्रोजेक्ट से जुड़ने का मौका मिला, जो एंटरटेन करने के साथ-साथ लोगों को इमोशनली भी छूता है।"शांभवी सिंह ने कहा, "शालिनी मजबूत होते हुए भी सौम्य है, जमीन से जुड़ी हुई है लेकिन उम्मीद से भरी हुई भी। वह प्यार, परिवार और ईमानदारी में गहराई से विश्वास करती है। उसकी ताकत किसी आक्रामकता से नहीं आती, बल्कि उसकी सहनशीलता, करुणा और इमोशनल समझ से आती है। वह ऐसी महिला है जो चुपचाप सबको जोड़कर रखती है और साथ ही अपने उसूलों के लिए मजबूती से खड़ी रहती है।"मिस्टर एंड मिसेज परशुराम का प्रीमियर तीन फरवरी को रात 8:30 बजे, सिर्फ़ स्टार प्लस पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित